रविवार, २२ नवम्बर २००९

फिल्म के नाम पर कूड़ा है कुर्बान


कल मैं शिव सैनिकों और सैफ करीना के आन्स्क्रीन इश्क की वजह से चर्चित फिल्म कुर्बान देखने गया था। एकदम कूड़ा फिल्म निकली। बोलीवुड की यह फिल्म कहने को तो आतंकवादियों का पक्ष पेश करने की कोशिश करती है लेकिन यह एक तरह से आतंकवाद को स्थापित करती है।

कुर्बान इस्लामिक आतंकवाद पर बने किसी वीडियो गेम की तरह है। जहां पहचान छिपा कर प्रोफेसर बना नायक (खलनायक?) सैफ अमेरिका में रह रही भारतीय लड़की करीना से शादी करता है ताकि वह उसके साथ अमेरिका जा सके। वहां वह अपने साथियों के साथ आतंकी हमलों की योजना बनाता है। उसकी पत्नी को जब उसकी असलियत पता चलती है तो वह एक सच्चे मुसलमान (जैसा कि होना चाहिए) विवके ओबेराय की मदद से हमलों को नाकाम करने की कोशिश करती है और कुछ हद तक सफल भी। नायक यानि सैफ अंत में आत्महत्या कर लेता है।

फिल्म की टैग लाइन है कुछ प्रेम कथाओं पर खून होता है। लेकिन इस फिल्म में तो प्रेम है ही नहीं। है तो सिर्फ नफरत, इस्लाम की फुरसतिया अंदाज में की गई व्याख्या, करीना के चेहरे पर स्थायी दहशत और मसखरा लगता हुआ आतंकवादी सैफ।

पूरी फिल्म में करीना कहीं भी मनोविज्ञान की प्रोफेसर नहीं लगती। पहले हाफ में हर संभव मौके पर सैफ करीना के चुंबन दृश्य और दूसरे हाफ में अतिरिक्त लंबा बिस्तर का सीन समझ से परे है।

फिल्म का इकलौता मार्मिक सीन वह है जहां मरते हुए सैफ से करीना उसका असली नाम पूछती है। एक व्यक्ति जिससे आपने प्यार किया, शादी की और जीवन की खुशियाँ बांटी लेकिन आपको अंत में पता चलता है कि वह आपसे पहचान छिपाकर आपके साथ रहता था। और आप तो उसका असली नाम भी नही जानते इस पीड़ा को करीना ने बेहतर अभिव्यक्ति दी है। बीच बीच में आतंकियों के मुंह से अमेरिका विरोधी वाक्यों का तड़का डाल कर उन्हें जस्टीफाई करने की जो कोशिश निर्देशक ने की है। उन दृश्यों और संवादों में थोड़ी और गहराई की जरूरत थी। विवेक ने अच्छा अभिनय किया है।

कुर्बान दरअसल न्यूयार्क और फना की मिक्सिंग है। लेकिन यह निराष करती है। सैफ करीना की बात समझ में आती है लेकिन ओम पुरी और किरण खेर जैसे समर्थ कलाकार ऐसी घटिया फिल्मों मंे काम क्यों करते हैं यह बात समझ से परे है। उन्हें किसी तरह का दायित्व बोध नहीं होता है क्या!

सलाह- जो लोग वास्तव में आतंकवाद पर फिल्म बनाना चाहते हैं उन्हें एक बार खुदा के लिए देख लेनी चाहिए।

शुक्रवार, २० नवम्बर २००९

क्रिकेट को कविता बना दिया सचिन ने...


वह सन 1989-90 के जाड़ों के दिन थे जब सियालकोट में पाकिस्तान के साथ श्रृंखला के अंतिम टेस्ट मैच में एक खतरनाक बाउंसर सीधी एक 16 साल के किशोर की नाक पर जाकर लगी थी। नाक से खून की एक धारा निकली। मैच देख रहे जाने कितने लोगो के दिल से आह निकली और व्याकुल माओं की छाती में दूध उतर आया। लेकिन वो लड़का जिद्दी था उसने मैदान नहीं छोड़ा और उस समय दुनिया के सबसे तेज माने जाने वाले पाकिस्तानी पेस अटैक का सामना करने की ठानी। वह अटैक जिसमें वकार, वसीम और इमरान खान खूंखार गोलंदाज शामिल थे.उसके बाद जो हुआ वो इतिहास का हिस्सा बन चुका है।

उस सिरीज ने क्रिकेट को एक नया नक्षत्र दिया- सचिन तेंदुलकर। वही सचिन जिसने हाल ही मे इंटरनेशनल क्रिकेट में 20 वर्ष पूरे किए हैं और रिकार्ड बुक्स उसके नाम से अटी पड़ी हैं। उसी सिरीज में खेले गए एक प्रदर्षनी मैच में सचिन ने पहली बार अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई जब उन्होंने युवा पाकिस्तानी लेग स्पिनर मुश्ताक अहमद को एक ओवर में दो छक्के जड़े। इस पर तिलमिलाए मुश्ताक के गुरू और पाक के स्पिन लीजेंड अब्दुल कादिर ने सचिन को चुनौती ही दे डाली, ‘बच्चों को क्या मारते हो, मुझे मारो।’ सचिन खामोश रहे जैसे कि वे अब भी रहते हैं। सिर्फ उनका बल्ला बोला और उस ओवर का स्कोर रहा- 6,0,4,6,6,6,। उन्होंने महज 16 गेंदों पर अपना अर्ध शतक पूरा किया।

सचिन ने अगले साल इंग्लैंड में खेलते हुए टेस्ट क्रिकेट का पहला शतक तो जड़ दिया लेकिन वन डे में पहले शतक के लिए उन्हें अगले पांच सालों तक इंतजार करना पड़ा। शायद युवा सचिन के स्वभाव की हड़बड़ी और एक दिवसीय क्रिकेट का गतिशील रोमांच उन्हें विकेट पर टिकने नहीं दे रहा था। सचिन अनेक पारियो में ५० रन के बाद कैजुअल तरीके से खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे।

सचिन को लता बहुत पसंद हैं। वे उन्हें आई (मां) बुलाते हैं और अपने हर दौरे पर उनके गीत सुनते हुए जाते हैं। लता स्वर कोकिला हैं और सचिन बल्लेबाजी का महाकवि। सचिन को बल्लेबाजी करते हुए देखकर लगता है कि मोजार्ट समेत दुनिया के तमाम बड़े संगीतकार इसी तरह अपने गीतों को आकार देते होंगे जितने करीने से सचिन स्ट्रोक लगाते हैं।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 20 सालों से जमे सचिन ने कई झंझावात झेले। मैच फिक्सिंग का काला साया उनके ही दौर में क्रिकेट पर पड़ा, टीम इंडिया को विष्व कप के पहले ही दौर में बाहर होना पड़ा। लेकिन सचिन के स्वभाव की गंभीरता ने हर चीज को बहुत सहजता से लिया। मुंबई के मध्यमवर्गीय परिवार में पैदा हुए सचिन का माथा सफलता से नहीं फिरा। उन्होंने जाना कि ये सारी उपलब्धियां उनके पास इसलिए हैं क्योंकि क्रिकेट उनका जुनून बना हुआ है।

पांच फीट चार इंच के उस नाटे उस्ताद के कंधे एक अरब से ज्यादा की आबादी का बोझ दो दशकों से उठाए हुए हैं लेकिन वे आज तक झुके नहीं बल्कि उन्होंने ऐसे अनगिनत मौके दिए जब देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।

उन्होंने आंखें उठाकर दुनिया को देखा मानो कह रहे हों देखो ये हमारा सचिन है-

मैदान पर शेर सा दहाड़ता सचिन

चीते सा चपल सचिन

बिल्कुल पड़ोस के लड़के जैसा सहज सचिन

बल्ले से कविताएं लिखता सचिन

गेंद से उम्मीदों पर खरा उतरता सचिन

सचिन जब बल्ला लेकर मैदान पर उतरते हैं तो वो मध्यकालीन रोमन ग्लेडिएटर की तरह दिखते हैं। उनके चेहरे की प्रतिबद्धता किसी भी गेंदबाज का हाड़ कंपा देने के लिए काफी होती है। जाने अनजाने कितने ही गेंदबाजों के करियर का सूर्य उनकी तूफानी बल्लेबाजी की छांव में अस्त हो चुका है।

सचिन की बल्लेबाजी में समय को थाम लेने की ताकत है। यकीन न हो तो उस समय आप शहर में निकलकर देखिए जब सचिन बल्लेबाजी कर रहे हों और शतक के आसपास हों। आपको पूरा शहर ठहरा हुआ मिलेगा।

हालांकि कि सचिन क्रिकेट के सबसे विवादित युग में एक खिलाड़ी के रूप में परिपक्व हुए लेकिन विवादों से उनका नाता दूर दूर तक नहीं रहा। जाने कितने ऐसे मौके आए जब लोगों ने सचिन का करियर खत्म होने की घोशणा ही कर डाली लेकिन सचिन ने कुछ नहीं कहा और हमेशा की तरह अपने बल्ले से जवाब दिया। सचिन ने आज अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम पर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपना 43वां सैकड़ा जड़ा है। आलोचकों ने कलम घिसनी शुरू कर दी है की यह पारी एक मुर्दा पिच पर बेजान गेंदबाजों के सामने खेली गयी है...

सचिन अभी और खेलें और हमें आनंदित करें यही कामना है और क्या...

गुरुवार, १९ नवम्बर २००९

धर्म को लेकर अपराधबोध क्यूं



-अजीत कुमार

प्रभाष जी किस तरफ के हैं। यह मेरे लिखने का उद्देश्य कभी नहीं रहा है। आखिर किन्हीं दो व्यक्तित्वों के बीच क्या कभी सीधी रेखा खींची जा सकती है। मेरे हिसाब से तो खीचने की कोशिश भी नहीं होनी चाहिए। मुझे तो प्रभाष जी को याद करते हुए वो सभी जन याद आ रहे हैं। जिन्होंने समय के सापेक्ष लोक मंगल को अपने जीवन का ध्येय बनाया। चाहे वो राजनीतिज्ञ, पत्रकार या कला व संस्कृति से सबंद्व कोई हस्ताक्षर रहे हों।


इतना ही नही विशिष्ट के खांचे में नहीं समोने वाले वे आम जन जो न तो इतिहास और साहित्य में कहीं दर्ज हैं को भी प्रभाष जी के संदर्भ में याद कर रहा हूँ । रही बात किस तरफ की तो आप जानते ही होगे कि घसीटू तरफदारी और जड वैचारिक आस्था से साहित्य के साथ -साथ समाज का आज तक कितना भला हुआ है। जहां तक रही प्रभाष जी के बहाने तुलसी को याद करने की बात तो इसका एकमात्र आधार सिर्फ और सिर्फ लोकमंगल को लेकर दोनों की अपनी अपनी अप्रतिम और विलक्षण प्रतिबद्वता में निहित है। लेकिन इन दोनों में यह प्रतिबद्वता कभी भी जडता की शिकार नहीं हुई।


लेकिन आज अपनी परंपरा, और आस्था को लेकर आज जिस तरह का निगेशन यानी नकार देखने को मिल रहा है। उसकी पडताल प्रभाष जोशी और तुलसी के संदर्भ में ही अच्छी तरह से ली जा सकती है। इतना ही नहीं स्वतंत्र भारत में एक खास विचार धारा वैज्ञानिकता और वस्तुनिष्टता के नाम पर किस तरह से परंपरा और आस्था को खारिज करने में लगी है, दकियानूस करार देने में लगी है कि पोल भी खोली जा सकती है। स्वतंत्रता प्राप्ति के इतने दिनों बाद भी अगर देश में सांप्रदायिक राजनीति की नकेल नहीं कसी जा सकी है। तो इसका एकमात्र कारण भी एक तरह से रूमानी नकार में ही है।


वे लोग जो वैज्ञानिकता के नाम पर तमाम आध्यात्मिक और धार्मिक मूल्यों को एक सिरे से नकारने में लगे हैं, कब समझेंगे कि नकार के सहारे समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित नहीं की जा सकती। प्रभाष जी और गांधी के व्यक्तिगत जिंदगी में धार्मिक या परंपरावादी होने को लेकर तथाकथित प्रगतिशीलों की पाखंडी भौंहें क्यूं तनने का नाटक रचाती है। ये उपहास उडाते हैं प्रभाष जी की जिंदगी में विरोधाभास को लेकर। जबकि मैं नहीं मानता कि उन सबों की जिंदगी में आस्था और वैज्ञानिकता को लेकर कोई विरोधाभास नहीं होगा। बशर्ते वे समाज के साथ साथ अपने आप को भी समझने की प्रक्रिया में रहे हों।


वैसे भी अपन को विरोधाभास से कोई दिक्कत नहीं है। दिक्कत तो इस बात में है कि ये तथाकथित प्रगितिशील अपने विरोधाभासों को लगातार नकारने में लगे हुए हैं। काश ये भी प्रभाष जी और गांधी की तरह अपने विरोधाभासों को स्वीकार कर लिए होते। मेरे हिसाब से इंसान जितना ही ज्यादा अपने आप को समझने की कोशिश करता है । विरोधाभासों और उलझनों की परिधि में और वह अपने आप को और ज्यादा उलझता हुआ पाता है। लेकिन बिना अपने को समझने की प्रक्रिया में शामिल किए क्या विरोधाभास, उहापोह और आशंका।लेकिन इन स्थितियों में आप आसानी से रच सकते हैं नाटक अपनी वैज्ञानिक सोच की मसीहाई का।


आज नकार की जगह सबसे बडी जरूरत है आत्म स्वीकृति की। क्योंकि आत्मस्वीकृति के बाद ही इंसान अपने आप को ज्यादा से ज्यादा मानवीय और नैतिक बनाने की प्रक्रिया में निरत करता है। लेकिन परंपरा और धार्मिक आस्था को लेकर कोई जरूरत नहीं है अपराधबोध की। अगर कोई ब्राहमण जाति में पैदा हुआ है और अपनी परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं को लेकर उसमें नकार नहीं है। तो इसमें मैंे कोई गुनाह नहीं मानता। लेकिन अगर परंपरा न्याय और नैतिकता की अवहेलना करे तो जरूर उसे पहचानकर उससे निवृत्त हो लिया जाए। जो लोग नास्तिक होने की दुहाई देते फिरते हैं, उनको मैं बता दूं कि इंसान को मानवीय और नैतिक बनाने की सबसे बडी शक्ति धर्म में ही निहित है। वहीं एक नास्तिक व्यक्ति के लिए तो नैतिकता और मानवीयता का कोई मूल्य ही नहीं। तभी तो ये नास्तिक हमेशा धर्म को राजनीतिक फायदों के लिए भुनाते आए हैं।


ज्यादा पीछे नहीं लौटें तो गौर फर्मा लें विभाजन की त्रासदी पर। गांधी आस्तिक थे लेकिन जिन्ना नास्तिक। लेकिन आखिर एक नास्तिक ने क्या किया। धर्म के नाम पर करेाडों लोंगों की जिंदगी को देखते ही देखते तबाह कर दी। लोगों के अवचेतन में कभी न भरने वाले नासूर जख्म दिए। वहीं एक रामनामी हिंदू नोआखाली और बिहार में जान की बाजी लगाकर खाक छान रहा था दिलों को जोडने की कोशिश में। आखिर उसके धर्म ने उसे इतना मजबूत और नैतिक तो बना दिया था------- ।

मैं चमारों की गली तक ले चलूँगा आप को

कल रात एक मित्र से फूलन देवी और उनपर बनी फ़िल्म पर चर्चा होती रही और संयोग से उसके बाद ही कविता कोष पर अदम गोंडवी की इस रचना पर नजर गयी, आप भी पढ़ें - संदीप

आइए महसूस करिए ज़िन्दगी के ताप को
मैं चमारों की गली तक ले चलूंगा आपको
जिस गली में भुखमरी की यातना से ऊब कर

मर गई फुलिया बिचारी थी कुएँ में डूब कर
है सधी सिर पर बिनौली कंडियों की टोकरी
आ रही है सामने से हरखुआ की छोकरी

चल रही है छंद के आयाम को देती दिशा
मैं इसे कहता हूँ सरजूपार की मोनालिसा
कैसी यह भयभीत है हिरनी-सी घबराई हुई
लग रही जैसे कली बेला की कुम्हलाई हुई
कल को यह वाचाल थी पर आज कैसी मौन है
जानते हो इसकी ख़ामोशी का कारण कौन है

थे यही सावन के दिन हरखू गया था हाट को
सो रही बूढ़ी ओसारे में बिछाए खाट को
डूबती सूरज की किरनें खेलती थीं रेत से
घास का गट्ठर लिए वह आ रही थी खेत से
आ रही थी वह चली खोई हुई जज्बात में
क्या पता उसको कि कोई भेड़ि़या है घात में
होनी से बेख़बर कृष्ना बेख़बर राहों में थी
मोड़ पर घूमी तो देखा अजनबी बाहों में थी
चीख निकली भी तो होठों में ही घुट कर रह गई
छतपताई पहले, फिर ढीली पड़ी, फिर ढह गई
दिन तो सरजू के कछारों में था कब का ढल गया
वासना की आग में कौमार्य उसका जल गया

और उस दिन ये हवेली हँस रही थी मौज में
होश में आई तो कृष्ना थी पिता की गोद में
जुड़ गई थी भीड़ जिसमें ज़ोर था सैलाब था
जो भी था अपनी सुनाने के लिए बेताब था
बढ़ के मंगल ने कहा काका तू कैसे मौन है
पूछ तो बेटी से आख़िर वो दरिंदा कौन है
कोई हो संघर्ष से हम पाँव मोड़ेंगे नहीं
कच्चा खा जाएंगे ज़िन्दा उनको छोडेंगे नहीं
कैसे हो सकता है होनी कह के हम टाला करें
और ये दुश्मन बहू-बेटी से मुँह काला करें
बोला कृष्ना से- बहन, सो जा मेरे से
बच नहीं सकता है वो पापी मेरे प्रतिशोध से

पड़ गई इसकी भनक थी ठाकुरों के कान में
वो इकट्ठे हो गए थे सरचंप के दालान में
दृष्टि जिसकी है जमी भाले की लम्बी पर
देखिये सुखराज सिंग बोले हैं खैनी ठोंक कर
क्या कहें सरपंच भाई! क्या ज़माना आ गया
कल तलक जो पाँव के नीचे था रुतबा पा गया
कहती है सरकार कि आपस मिलजुल कर रहो
सूअर के बच्चों को अब कोरी नहीं हरिजन कहो

देखिये ना यह जो कृष्ना है चमारों के यहाँ
पड़ गया है सीप का मोती गँवारों के यहाँ
जैसे बरसाती नदी अल्हड़ नशे में चूर है
हाथ न पुट्ठे पे रखने देती है, मगरूर है
भेजता भी है नहीं ससुराल इसको हरखुआ
फ़िर कोई बाहों में इसको भींच ले तो क्या हुआ
आज सरजू पार अपने श्याम से टकरा गई
जाने -अनजाने वो लज्जत ज़िंदगी की पा गई
वो तो मंगल देखता था बात आगे बढ़ गई
वरना वह मरदूद इन बातों को कहने से रही

जानते हैं आप मंगल एक ही मक्कार है
हरखू उसकी शह पे थाने जाने को तैयार है
कल सुबह गरदन अगर नपती है बेटे-बाप की
गाँव की गलियों में क्या इज्जत रहेगी आपकी´
बात का लहजा था ऐसा ताव सबको आ गया
हाथ मूँछों पर गए माहौल भी सन्ना
गया क्षणिक आवेश जिसमें हर युवा तैमूर था
हाँ, मगर होनी को तो कुछ और ही मंज़ूर था

रात जो आया न अब तूफ़ान वह पुर ज़ोर था
भोर होते ही वहाँ का दृश्य बिलकुल और था
सर पे टोपी बेंत की लाठी संभाले हाथ में
एक दर्जन थे सिपाही ठाकुरों के साथ में
घेरकर बस्ती कहा हलके के थानेदार ने -
`जिसका मंगल नाम हो वह व्यक्ति आए सामने´
निकला मंगल झोपड़ी का पल्ला थोड़ा खोल कर
एक सिपाही ने तभी लाठी चलाई दौड़ कर
गिर पड़ा मंगल तो माथा बूट से गया
सुन पड़ा फिर `माल वो चोरी का तूने क्या किया´
`कैसी चोरी माल कैसा´ उसने जैसे ही कहा
एक लाठी फिर पड़ी बस, होश फिर जाता रहा

होश खोकर वह पड़ा था झोपड़ी के द्वार पर
ठाकुरों से फिर दरोगा ने कहा ललकार कर
-`मेरा मुँह क्या देखते हो! इसके मुँह में थूक dओ
आग लाओ और इसकी झोपड़ी भी फूँक दो´
और फिर प्रतिशोध की आंधी वहाँ चलने लगी
बेसहारा निर्बलों की झोपड़ी जलने लगी
दुधमुंहा बच्चा व बुड्ढा जो वहाँ खेड़े में था
वह अभागा दीन हिंसक भीड़ के घेरे में था
घर को जलते देखकर वे होश को खोने लगे
कुछ तो मन ही मन मगर कुछ ज़ोर से रोने लगे´

´ कह दो इन कुत्तों के पिल्लों से कि इतराएँ नहीं
हुक्म जब तक मैं न दूँ कोई कहीं जाए नहीं ´
´यह दरोगा जी थे मुँह से शब्द झरते फूल से
आ रहे थे ठेलते लोगों को अपने रूल से
फ़िर दहाड़े "इनको डंडों से सुधारा जाएगा
ठाकुरों से जो भी टकराया वो मारा जाएगा
"इक सिपाही ने कहा "साइकिल किधर को मोड़ दे
होश में आया नहीं मंगल कहो तो छोड़ दें"
बोला थानेदार "मुर्गे की तरह मत बांग दो
होश में आया नहीं तो लाठियों पर टांग लो
ये समझते हैं कि ठाकुर से उलझना खेल है
ऐसे पाजी का ठिकाना घर नहीं है जेल है"

पूछते रहते हैं मुझसे लोग अकसर यह सवाल`
कैसा है कहिए न सरजू पार की कृष्ना का हाल´
उनकी उत्सुकता को शहरी नग्नता के ज्वार को
सड़ रहे जनतंत्र के मक्कार पैरोकार को
धर्म संस्कृति और नैतिकता के ठेकेदार को
प्रान्त के मंत्रीगणों को केंद्र की सरकार को
मैं निमंत्रण दे रहा हूँ आएँ मेरे गाँव में
पे नदियों के घनी अमराइयों की छाँव में
गाँव जिसमें आज पांचाली उघाड़ी जा रही
या अहिंसा की जहाँ पर नथ उतारी जा रही
हैं तरसते कितने ही मंगल लंगोटी के लिए
बेचती है जिस्म कितनी कृष्ना रोटी के लिए !

मंगलवार, १७ नवम्बर २००९

अबू आजमी को हीरो मत बनाओ

आज प्रभाष जी नहीं हैं, न कागद कारे जैसा स्तंभ है। उनके रहते हुए लगा ही नहीं कि लिखूं , क्योंकि उन्हें पढकर लगता था मेरी सारी बातें उन्होंने लिख दी हैं. आज उनके नहीं होने के बाद अपने अंदर की बात कहीं पढने को नहीं है सो खुद ही लिखने को मजबूर हूं।
-अजीत कुमार

महाराष्ट विधानसभा में जो भी हुआ उसकी जितनी भी भर्त्सना की जाए कम होगी। लेकिन भर्त्सना को लेकर हिंदी पत्रों और चैनलों में जिस तरह की गैर जबावदेह और अपरिपक्व तत्परता देखी गई। वह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के लिए किसी भी सूरत से विवेक सम्मत नहीं है। कुछेक अखबारों और चैनलों को छोड दिया जाए तो ज्यादातर अखबार और समाचार चैनल अबू आजमी को ऐसे पेश करते दिखे मानोे वह हिंदी और हिंदी पट्टी के मान सम्मान का रखवाला हो। जहां तक महाराष्ट नवनिर्माण सेना और राज ठाकरे की बात है, इन सबों पर हिंदी अखबारों और चैनलों ने इतना कुछ लिख और बोल दिया है कि अब कुछ बचा भी नहीं है।

आखिर गाली देने की भी सीमा होती है। और गाली देना वैसे भी अपनी आदत में नहीं रही है। मुझसे पूछा जाए तो गाली के लिए पत्रकारिता क्या कहीं भी कोई जगह नहींे होनी चाहिए। लेकिन दुर्भाग्य से राज ठाकरे को लेकर हिंदी पत्रों का रवैया गरियाने तक ही सीमित रहा है। एक बात मैं पूछता हूं कि क्या अबू आजमी हिंदी के मान सम्मान के संरक्षक हो सकते हैं। क्या प्रेमचंद और निर्मल वर्मा की हिंदी इतनी गरीब है कि वह इन छिटपुट वाकयातों को लेकर अपमानित हो जाएगी।

मेरे साथियों ,आम जनों की अपेक्षा पत्रकारों से ज्यादा विवेक और जबावदेही की अपेक्षा की जाती है लेकिन अबू आजमी के साथ हिंदी की इज्जत को जोडना कौन सी जिम्मेदारी है। आखिर अबू आजमी का हिंदी का मान सम्मान बढाने में क्या योगदान रहा है। कौन नहीं जानता कि विघटनकारी राजनीति की बिना पर ही आज वे विधानसभा तक पहुंचने में सफल रहे हैं। अब आप ही बताओ कि एमएनएस की विघटनकारी राजनीति की बखिया उधेडने के लिए क्या अबू आजमी को हीरो बनाना जरूरी है। मैं यह कभी मान नही सकता कि अनैतिकता का मुकाबला अनैतिकता से किया सकता है। अनैतिक का मुकाबला नैतिक बनकर ही किया जा सकता है।

मीडिया की जिम्मेदारी तो यह होनी चाहिए थी कि बजाय अबू आजमी को हिंदी के मसीहा के तौर पर प्रस्तुत करने के वह महाराष्ट निव निर्माण सेना, राज ठाकरे और शिवसेना की विघटनकारी राजनीति का विरोध करने के नाम पर वे तमाम राजनेता जो उत्तर भारतीयों के वोट को हथियाने के लिए राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं, भाषा, क्षेत्र, जाति और धर्म की कुत्सित राजनीति कर रहे हैं, को ये एक साथ बेनकाब करते। स्वार्थ और अवसरवादिता की रोटियां सेंकने वाले ये राजनेता कभी नहीं चाहेंगे कि शिवसेना और एमएनएस की घटिया राजनीति कभी बंद हो आखिर इन्हें भी तो अपनी दुकान उन्हीं के सहारे चलानी है। लेकिन इन अनैतिक राजनीतिक कृत्यों और उनको लेकर मीडिया की गैर जबाबदेही का अंजाम क्या होगा। क्या आपने सोचा है। हिंदी मीडिया ने एमएनएस और शिवसेना के विरोध का परचम जिन हाथों में दे दिया है। उसे लेकर आप ही बताओ आम मराठी मानुष आखिर क्या सोचता होगा। क्या अबू आजमी के बारे में भी लोंगों को विशेष बताने की जरूरत है।

आखिर हिंदी मीडिया की इन हरकतों से देश का संघीय ढांचा ही कमजोर होगा। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से देश के उत्तर पूर्व और कश्मीर, में जो हालात है। वह इसी गैर जबावदेह राजनीति और पत्रकारिता का नतीजा है। जहां जाति, धर्म, क्षेत्र और समुदाय विशेष की परिधि से आज तक भारतीय मीडिया पूरी तरह से नहीं निकल पायी है। वहीं खबरों को एक्सक्लूसिव बनाकर परोसने की आपाधापी ने पत्रकारिक मूल्यों का पूरी तरह से गला घोंट दिया है। ज्यादा निराशा तो तब होती है जब हम पाते हैं कि आज के हिंदी पत्रकारों को पत्रकारिक मुूल्यों से कुछ लेना देना ही नहीं है। लेकिन वे महानुभाव जो पिछले 20-30 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं, क्यूं भीष्म पितामह की तरह द्रौपदी का चीरहरण चुपचाप देखते को विवश हैं। आप ही सोचो क्या पत्रकारिक मूल्यों से विरत होकर देश की एकता, अखंडता और धर्मनिरपेक्षता को अक्षुण्ण रखने की बात की जा सकती है। क्या दुनिया भर में अपनी विविधता और बहुलता की दुहाई दी जा सकती है। अलगाव की राजनीति को हतोत्साहित किया जा सकता है।

एक बात और जो मीडिया राज, एमएनएस और शिवसेना को गरियाने से बाज नहीं आ रही है, उसे इन सबों के लिए कांग्रेस को कटघरे में खडा करने की जरूरत कभी शिद्दत से महसूस तक नहीं हुई। भले कभी कभार थोडी रस्म अदायगी कर दी गई हो। सिर्फ और सिर्फ चुनावो में मिली कुछेक सफलताओं के आधार पर कांगे्रस, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के गुणगान से मीडिया को आखिर फुर्सत ही कहां है। किसे नहीं पता कि एमएनएस की घटिया राजनीति का फायदा सबसे ज्यादा किस पार्टी को मिला है। वास्तव में कांगे्रेस अगर एमएनएस और राज की हरकतों पर लगाम लगाने के प्रति गंभीर होती तो मैं कोइ कारण नहीं मानता कि ये लोग आज यहां तक पहुंचे होते। सच में देश के संघीय ढांचे को बर्बाद करने वाली इस तरह की राजनीति के लिए सिर्फ कांग्रेस जिम्मेदार है। अतीत में भी पंजाब, कश्मीर और उत्तर पूर्व में कांग्रेस ने कुछ ऐसा ही किया है।

शनिवार, १४ नवम्बर २००९

प्रभाष जी कोटेशन सुनाने वालों में से नहीं थे (खंड 4)

प्रभाष जी की तकनीकी समझ को लेकर पिछले दिनों ब्लॉग जगत में काफी कुछ लिखा गया। कुछ लोगों ने तो इसे मजाक का विषय ही बना लिया। अजीत सर के लेख का चौथा खंड इस पहलू पर भी रोशनी डालता है - संदीप

प्रभाष जी और उनके लौकिक अनुभवों को लेकर मेरी बात को मेरे मित्र और विस्तार देने को कह रहे हैं। लेकिन लोक को ताडना क्या किसी के वश की बात है। आखिर कलाकार, लेखक या सर्जक करता भी क्या है, अपनी कला के माध्यम से उम्र भर लोक को समझने की कोशिश ही तो करता है। इसमें वह कितना सफल हो पाता है यही तो आलोचना की कसौटी पर कसने की बात होती है। जहां तक अपनी बात है, ऐसी क्या मजाल जो प्रभाष जी के विराट लोकानुभव की थाह ले सकूं।

कवित विवेक एक नहीं मोरे सत्य कहूं लिखि कागद कोरे
एक बात और अपने पिछले लेखों में प्रभाष जी के संदर्भ में तुलसीदास का जिक्र तक करना भूल गया। जबकि तुलसी से बडा लोकमंगल का कोई दूसरा कवि आज तक हुआ ही नहीं। इसलिए प्रभाष जी पर बात करूं और तुलसी का जिक्र नहीं हो यह घोर नाइंसाफी होगी। आखिर कबीर, तुलसी, गांधी और लोहिया की परंपरा को ही तो आगे बढाने की कोशिश की प्रभाष जी ने। इन सबों के बीच एक बात जो उभयनिष्ठ रही वह थी इनका अपार लोकानुभव। लेकिन मेरे तुलसी का नाम लेने मात्र भर से रंगीले प्रगतिशीलों की फौज भडंक सकती है। दो चार पंक्तियों का अपने अपने अंदाज से कुपाठ कर आखिर वे तो तुूलसी को कब का जड, सामंतवादी, नारी विरोधी और ब्राहमणवादी घोषित कर चुके हैं। यही प्रगतिशील आज इस बात की दुहाई देते फिर रहे हैं कि इंटरनेट और आॅरकुट पर जाना वैचारिक सजगता की निशानी है।
मेरी बात का ये बुरा न मानें तो इनको मैं बता दूं कि इंसान सिर्फ और सिर्फ इंटरनेट पर जाने से और दो चार पुस्तकों के कुपाठ से सजग होने का दावा कभी नहीं कर सकता। भले दो चार पुस्तकों के घटिया पाठ की बिना पर वह कोटेशन का उवाच करते हुए अपनी बौद्विकता के अहं की तुष्टि कर सकता है। उन्हें मालूम होना चाहिए कि किसी पुस्तक के पाठ के लिए भी व्यापक लोकानुभव की अपेक्षा की जाती है। और ऐसा नहीं होने पर उसी तरह का पाठ करना आपकी नियति हो सकती है जैसा तुलसी का पाठ आज के रंगीले और लोकानुभव से हीन प्रगतिशील कर रहे हैं।
मैं उन महानुभावों से कहना चाहूंगा कि तकनीक तो समय के साथ रगड खा जाती है। लेकिन अपार लोकानुभव से उपजा लेखन, कलाकृति समय और सीमा से परे जाकर पुनर्पाठ की अपेक्षा रखते हैं। अगर ऐसा नहीं होता तो कबीर, तुलसी और भक्ति काव्य कब के कूडा हो गए होते। लेकिन क्या भारतीय विश्व साहित्य के मानचित्र पर भी अपने अपने देशों की क्लाॅसिक कृत्तियां सर्वोत्तम साहित्य बनकर सुशोभित हैं। ठीक ऐसा ही पत्रकारिता के क्षेत्र में भी है।
एक और बात जिन महानुभावों के मुखारविंद यह कहते हुए नहीं थक रहे हैं कि तकनीकी दक्षता इंसान के नजरियात केा वुसअत अता करती है। उन्हें यह भी तो देखना चाहिए कि उनके बच्चें तकनीकी दक्षता के मामले में कहीं उनसे आगे होंगे। इसका मतलब यह तो कतई नहीं कि तकनीकी दक्षता की बिना पर उनकी वैचारिकी का भी लोहा मान लिया जाए। अगर वैचारिकी तकनीक का मोहताज होती तो आज कबीर, तुलसी और गांधी के पाठ मायने नहीं रखते। लेकिन इन बौद्विकों को कोई कैसे समझाए कि उधार के कोटशन से किसी की आलोचना नहीं की जा सकती। भले किसी पाठ का कुपाठ किया जा सकता है। कुतर्कों की बैतबाजी की जा सकती है। आपने प्रभाष जी को कभी देखा किसी को कोटेशन के सहारे पढने की कोशिश करते हुए। आखिर कोटेशन के सहारे अपनी बौद्विकता का आतंक पैदा करना हमारे यहां के बौद्विकों में मियादी बुखार की तरह फैल गया है।
विखंडन, आधुनिकता और उत्तर आधुनिकता उसी पोपलेपन और खालीपन को भरने की साजिश मात्र भर हैं। अब आप ही बताओ पोपटपन को भरने की साजिश और पाखंड से क्या कभी समतामूलक समाज बनने में कोई मदद मिल सकती है। जिस तरह से तुलसी के मानस से दो चार पंक्तियों को निकालकर ये प्रगतिशील लोकमंगल के इस अप्रतिम कवि को लगातार हाशिए पर रखने की कोशिश कर रहे हैं, उसी तरह आज के कुछेक महाप्रगतिशील और अपने आप को सामाजिक का्रंति के अग्रदूत मानने वाले पत्रकार प्रभाष जी को लेकर गुंडई पर उतर आए हैं। इन महानुभावों को जब कुछ नहीं मिला तो ये प्रभाष जी की पूरी संपादकीय यात्रा से जनसत्ता की दो चार कतरनें लेकर मैदान में आ गए। और इसे ऐसे हवा में लहराने लगे जैसे मानो प्रभाष जी किसी स्टिंग आॅपरेशन में दबोच लिए गए हों। जिन दो चार कतरनों को लेकर ये महानुभाव अतिपुलकित हो रहे हैं और प्रभाष की छवि को दागदार कर देने में सफल होने का मनमोदक खा रहे हैं। उन्हें कैसे बताउं कि ये दो चार कतरनें प्रभाष जी की पत्रकारिता को लेकर उनके सामासिक विचारों का ही परिचायक है।
संपादक का यह धर्म कभी नहीं होता कि वह अपने पत्र में सिर्फ अपने माफिक विचारों को जगह दे। अगर प्रभाष जी ने उस समय अपन विरूद्व विचारों को भी अगर अपने पत्र में जगह दिया तो यह उनके विरोधी विचारों के प्रति सदाशयता को ही दिखाता है। आखिर समाचार पत्र का मतलब किसी खास विचारों के मुखपत्र होने में नहीं है।

शुक्रवार, १३ नवम्बर २००९

प्रभाष जी का जनसत्ता सही मायनों में जनतंत्र की प्रयोगशाला ( खंड 3)

प्रभाष जोशी को गुजरे कुछ दिन बीत गए हैं टीवी चैनल बनने की होड़ में शामिल हमारे कुछ साथी अपनी हिटृस व टीआरपी बढने के लिए विवादों की अपनी दुकान दोबारा सजा कर बैठ गए हैं। बहरहाल हम अपने ब्लाग पर प्रभाष जी को अपने साथियों की नजर से याद कर रहे हें इस कड़ी में प्रस्तुत है हमारे साथी अजीत कुमार के आलेख का तीसार भाग-संदीप


लोकतंत्र में लोक को लेकर रधुवीर सहाय की ये पंक्तियां बेतरह याद आ रही है। राष्टगीत में भला कौन वह भारत भाग्य विधाता है, फटा सुथन्ना पहने जिसका गुण हरचरना गाता है। लेकिन लोक के ही तंत्र में लोक की इस हास्यास्पद स्थिति को प्रभाष जोशी कैसे गवारा कर सकते थे। सो उन्होंने फटा सुथन्ना पहनने वाले उस लोक को सही अर्थों में भारत का भाग्य विधाता बनाने का बीडा उठाया। और इसके लिए उन्होंने पत्रकारिता को अपनाया, क्योंकि लोक की आवाज को बुलंद करने का इससे बढकर और कोई जरिया हो ही नहीं सकता था। प्रभाष जी के व्यक्तित्व का बुनाव कैंब्रिज, आॅक्सफोर्ड या दून स्कूल में नहीं हुआ था। अगर होता तो शायद ही प्रभाष जी का यह व्यक्तित्व हमारे सामने होता। उनके व्यक्तित्त्व की बुनाई और गढाई तो नर्मदा मैया की गोद में और मालवा के खेतों, खलिहानों में हुई थी।

रधुवीर सहाय के जन उनके हमजोली रहे। तभी तो ताउम्र उसी जन की पक्षधरता में वे चट्टान की तरह अडिग नजर आए। आािखर प्रभाष जी पत्रकारिता में आए ही थे भारत भाग्य विधाता की आवाज बनकर उसका तकदीर संवारने के लिए। उसका वाजिब हक दिलाने के लिए। लेकिन उस समय की हिंदी प़त्रकारिता में न तो उस लोक से बतियाने की भाषा थी न शिल्प था। तभी तो पत्रकारिता प्रभाष जी के लिए ताउम्र मिशन बनकर रहा लोक की प्रतिष्टा को स्थापित करने का। इस बाबत उन्होंने भाषा और शिल्प के साथ साथ घिसे पिटे तमाम पत्रकारिक रूढियों और लग्गीबंधी को बदल डाला। प्रभाष जी की जनसत्ता से पहले हिंदी में ऐसा कोई दैनिक समाचार पत्र नहीं था जो सही मायने में लोक की भाषा, शिल्प और संवेदना का प्रतिनिधित्व करता हो। आखिर प्रभाष जी से पहले दैनिक हिंदी पत्रकारिता की न तो कोई अपनी भाषा थी न शिल्प और न कोई मुहावरा। अब आप ही बताइए जिस भाषा की पत्रकारिता का न तो कोई अपना शिल्प हो और न भाषा वह खाक जन सरोकार या संवदेना की बात कर सकती है।
वे लोग जो भाषा और शिल्प के नाम पर किसी भी तरह की नैतिकता की खिल्ली उडाने से बाज नहीं आते को मैं स्पष्ट बता दूं कि भाषा इंसान का सबसे बडा आविष्कार है और संवेदना और सरोकारों की अभिव्यक्ति के लिए शिल्प और भाषा के स्तर पर जादुई प्रयोग की अपेक्षा की जाती है। जादुई प्रयोग कभी जटिलता से नहीं आते शौकिया तौर पर व्याकरण तोडने से भी नहीं आते। बल्कि आते है अपन के विशिष्टानुभव की बिना पर। लेकिन कूडा फैलाने, फेंटने और मनचलेपन की बिना पर कोई भाषा और शिल्प का जादूगर नहीं बन सकता। पत्रकारिता से हटकर थोडा साहित्य में झांक लें तो भाषा और शिल्प का यह जादुई प्रयोग आपको प्रेमचंद निराला, मुक्तिबोध और निर्मल वर्मा के यहां मिलेगा। वहीं पत्रकारिता के लिए ठीक ऐसा ही काम किया राजेंद्र माथुर, शरद जोशी और प्रभाष जोशी जैसे लोगंेा ने। इन सबों ने हिंदी पत्रकारिता की भाषा को न सिर्फ जिंदगी प्रदान की बल्कि आम लोगों के दुख दर्द को आवाज देने लायक बनाया। तभी तो मैं कहता हूं जनसत्ता प्रभाष जी के लिए सिर्फ दैनिक समाचार पत्र नहीं बल्कि लोक की प्रतिष्ठा स्थापित करने के मिशन का प्रयोगशाला रहा।
पत्रकारिता को लेकर उनका युगांतकारी प्रयोग हिंदी दैनिक जनसत्ता के रूप में सामने आया। इस पत्र के माध्यम से प्रभाष जी पूरे देश को एक सूत्र में जोडने के लिए प्रयासरत रहे। भाषा, क्षेत्र, रंग, और रूप यानी कहें तो बहुलता और सामासिकता को लेकर उनकी समन्वयवादिता अप्रतिम थी। अपने पत्र को उन्होंने कभी भी प्रचार और एकालाप का जरिया बनने नहीं दिया। देश की एकता, अखंडता और सधीय ढांचे को अतिक्रमित करने वाले विचारों का उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से जमकर विरोध किया। दूसरी तरफ हाशिए पर की आवाजों को भी एक प्रखर सबाल्टर्न की तरह मुख्यधारा में शामिल करने के लिए जद्दोजहद करते रहे।
प्रभाष जी की मेहनत और लगन के चलते जनसत्ता देखते ही देखते मानवीय सरोकारों का मुखपत्र बन गया। समाचारों की सत्यता और निष्पक्षता को लेकर पाठकों का जितना विश्वास जनसत्ता जीतने में सफल रहा, शायद ही हिंदी के किसी दूसरे अखबार को ऐसी उपलब्धि कभी हासिल हुई हो। राजनीति, कला, साहित्य, खेल और व्यापार मामलों के शीर्षस्थ जानकार भी प्रभाष जी के प्रयास के वलते ही जनसत्ता से संबद्व हुए। हिंदी का यह पहला समाचार पत्र बना जिसे बौद्विक और आम जनों के बीच एकसमान लोकप्रियता हासिल हुई। कला, राजनीति, साहित्य और अन्य विषयों को लकर संवाद शुरू करने के मामले में जनसत्ता हमेशा आगे रहा। और संवाद के लिए प्रभाष जी ने हर तरह के परस्पर विरोधी विचारों को आमंत्रित किया।
देश के कई शीर्ष टिप्पणीकार और कला समीक्षक तो आजतक जनसत्ता से जुडे हुए हैं। शास्त्रीय संगीत, चित्रकला, रंगमंच और गंभीर फिल्मों पर तो आज भी जनसत्ता का कवरेज अंग्रेजी सहित किसी अन्य भारतीय भाषा के समाचार पत्रों की तुलना में काफी बेहतर है। कुल मिलाकर कहें तो जनतंत्र के चैथे स्तंभ की भूमिका के निवेहन में न तो प्रभाष जी और न उनकी जनसत्ता कभी पीछे रही। प्रभाष जी इस जहांने फानी से कूच कर गए हैं लेकिन जनसत्ता को देखकर ऐसा नहीं लगता। क्या जनसत्ता से प्रभाष जी कभी विरत हो सकते हैं-------।


Free Blogger Templates by Isnaini Dot Com and Wedding Net. Powered by Blogger